मुंबई। टाटा मुंबई मैराथन का 17वां संस्करण देश में  कोरोना के बढ़ते  मामलों को देखते हुए इस बार 30 मई की अपनी निर्धारित तारीख को नहीं होगा बल्कि इसे दुबारा निर्धारित करना पड़ेगा।  इस रेस की नयी तारीख महाराष्ट्र सरकार और संबंधित एथलेटिक निकायों के साथ विचार विमर्श कर बाद में घोषित की जायेगी। मुंबई  मैराथन के प्रमोटर प्रोकैम इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक विवेक सिंह ने यह घोषणा करते हुए कहा,  ‘‘टाटा मुंबई मैराथन का हम सभी के दिल में विशेष स्थान है।
 
  हम इस समय चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहे हैं लेकिन हम आपको बताना चाहते हैं कि हम इस वर्ष इसे संभव बनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।'' विवेक ने साथ ही कहा कि वर्ष 2020 हम सभी के लिए बहुत  ही चुनौतीपूर्ण रहा है लेकिन अपने पार्टनर्स और धावकों के सहयोग से हम टाटा मुंबई मैराथन के 2021 संस्करण को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।