मुंबई। भारत और दक्षिण अफ्रीका की बीच तीन टेस्ट की सीरीज का आखिरी मैच रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को रविंद्र जडेजा और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर हैं। रोहित ने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। वे 212 रन बनाकर आउट हुए। रबाडा की गेंद पर एंगिडी ने रोहित का कैच लिया। रोहित ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया है।
रोहित ने 255 गेंदों में 28 चौके और 6 छक्के की मदद से अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया है। रोहित 212 की शानदार पारी खेल कर आउट हो गए। बता दें कि रोहित ने दिन की शुरुआत में ही तेजी से रन बनाते हुए अपने 150 रन पूरे किए। 198 गेंदों में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। यह उनके करियर का तीसरा 150+ का स्कोर है।
वहीं तीसरे और आखिरी मैच में टीम इंडिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पहले सेशन में ही मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा और कप्तान विराट कोहली के रूप में तीन अहम विकेट गिर गए। लेकिन रोहित और रहाणे ने शतक जड़ टीम को मजबूत स्थिति में धकेल दिया। टेस्ट उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया है। रहाणे ने 169 गेंदों में 14 चौके और एक छक्के की मदद से अपने करियर का 11वां शतक जड़ दिया।
भारत ने विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका पर 203 रनों से जीत दर्ज की और फिर पुणे टेस्ट में अफ्रीकी टीम को पारी और 137 रनों से मात देकर फ्रीडम ट्रॉफी फिर से हासिल की। वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भारत के अभी चार मैचों में 200 अंक हैं और उसने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड और श्रीलंका पर 140 अंकों की बड़ी बढ़त बना रखी है। भारत पहले ही सीरीज जीत चुका है और उसने मेहमान टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना रखी है। इस मैच में जीत दर्ज करने पर भारत को 40 अंक मिलेंगे।