भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह ने सागर के अग्नि पीडित धनप्रसाद की मौत पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आज कहा कि अगर समय पर इलाज मिल जाता, तो धनप्रसाद की जान बचायी जा सकती थी। भाजपा की यहां जारी एक विज्ञप्ति में सिंह ने धनप्रसाद अहिरवार के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिंदा जलाए जाने के पहले ही धनप्रसाद प्रशासन के सामने गुहार लगा चुका था, परंतु उसकी नहीं सुनी गयी।
उन्होंने कहा कि उसे इलाज के लिए भोपाल लाया गया और इसके बाद उसे दिल्ली ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो गयी थी, जिसके चलते उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि भाजपा इस घटना को गंभीरता से ले रही है। कल हमारा आंदोलन है, उसके बाद इस विषय को लेकर भी भाजपा सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर कांग्रेस सरकार आज मौन हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।