मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) तथा सहयोगी दलों की मिली बढ़त पर गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम की शांत सुनामी चल रही थी और जनता उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक थी। फडनवीस ने कहा कि भाजपा और सहयोगी दलों को देश की जनता ने एक ऐतिहासिक विजय दी जिसके बाद अब हम लोगों पर और अधिक जिम्मेदारी आ गई है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार राज्य में और तेज गति से काम करेगी ताकि जो समस्याएं शेष हैं उनका निदान किया जा सके। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता का प्रचंड विश्वास है और उसी का नतीजा आज सबके सामने है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ में पानी की बड़ी समस्या है जिसे हमारी सरकार शीघ्र दूर करने की कोशिश करेगी।
बंद पड़ी सिंचायी परियोजनाओं को जल्द शुरू किया जायेगा। वर्ष 2014 में जनता ने कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के भ्रष्टाचार से परेशान होकर भाजपा और सहयोगी दलों को चुना था लेकिन इस बार मोदी सरकार के काम को देख कर जनता का और भरोसा मोदी पर बढ़ा जो सुनामी में बदल गया। गडकरी ने कहा कि हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रितक देश है इसलिए जनादेश का सम्मान करते हुए सबको मिलजुल कर देश के विकास में काम करना चाहिए।
उत्तर मुंबई लोकसभा चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही उर्मिला मातोंडकर ने अपने प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के गोपाल शेट्टी को एक बहुत बड़ी बढ़त के बाद उन्हें जीत का धन्यवाद देते हुए कहा कि वह अपनी पूरी क्षमता के साथ चुनाव मैदान में डटी रहीं लेकिन जनता के आदेश का वह सम्मान करती हैं और शेट्टी को बधाई देती हैं।