राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटी अवॉर्ड 2022 के तहत 56 अवॉर्ड प्रदान किए। समारोह ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में राज्यपाल मंगु भाई पटेल और CM शिवराजसिंह चौहान की मौजूदगी में हुआ। मध्य प्रदेश को बेस्ट स्टेट और इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवॉर्ड मिला। MP का अवॉर्ड शहरी विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने, इंदौर का अवॉर्ड मेयर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर इलैया राजा टी., निगमायुक्त हर्षिका सिंह और स्मार्ट सिटी CEO दिव्यांक सिंह ने प्राप्त किया।
इंदौर को देश की नंबर वन स्मार्ट सिटी के साथ अर्बन एन्वायर्नमेंट,वाटर,सेनिटेशन कैटेगरी में पहला स्थान मिला। इकोनॉमी, बिल्ड एन्वायर्नमेंट कोविड इनोवेशन में दूसरा स्थान मिला। राष्ट्रपति मुर्मू ने संबोधन की शुरुआत में सर्वश्रेष्ठ काम के लिए इंदौर की तारीफ की। उन्होंने मध्य प्रदेश के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा इंदौर भारत के सबसे स्वच्छ शहर में अपना पहला स्थान भी बनाए हुए है। अब तो इंदौर स्मार्ट सिटी में भी नंबर वन है। उन्होंने यहां के अधिकारियों और सभी जन प्रतिनिधियों की कर्तव्यनिष्ठा को सराहा। मध्य प्रदेश को नंबर वन स्टेट का दर्जा मिलने पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को बधाई भी दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि शहरों और नागरिकों की जरूरत का आकलन कर विकास का रोड मैप तैयार किया जाना चाहिए। जलवायु परिवर्तन पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने स्मार्ट शहरों में किए जा रहे कार्यों को सकारात्मक पहल बताया। इस दिशा में और सस्टेनेबल डेवलपमेंट (टिकाऊ विकास) पर और अधिक काम किए जाने की जरूरत है। शहरी विकास में समग्र निवेश पिछले दशकों में दोगुना से अधिक हुआ है। स्मार्ट सिटी मिशन का इसमें बड़ा योगदान है। आवास और शहरी मंत्रालय ने घोषणा की है कि जिन शहरों में स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट नहीं हैं, वहां भी स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट लाए जाएंगे। इंदौर में स्मार्ट सिटी कन्वेंशन में कुल 56 अवॉर्ड दिए गए। इनमें बेस्ट सिटी, बेस्ट स्मार्ट सिटी, बेस्ट स्टेट, बेस्ट प्रोजेक्ट्स, एरिया डेवलपमेंट प्रोजेक्ट, इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स में सबसे अच्छा काम करने वाले शहरों को पुरस्कार दिया गया।