भारत में महिलाओं के लिए फिटनेस उतना महत्व नहीं रखती जितना की उसका महत्व होना चाहिए। आपने अक्सर गौर किया होगा कि आपके आस-पास मौजूद ऐसी कई महिलाएं होंगी, जो बच्चे होने के बाद मोटी हो जाती है या उनका वजन जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है।
हालांकि कुछ ऐसी महिलाएं भी है, जिन्होंने इस चुनौती भरे माहौल में भी इस मुश्किल काम को आसान कर दिखाया। इन्हीं में से एक हैं 45 साल की किरण देंबला, जोकि हैदराबाद की हॉटेस्ट फिटनेस गुरु है। 30 की उम्र में अपनी जीवन में बुरी तरह से फंसी किरण ने न केवल भारत में बल्कि दुनिया में नाम कमाया है। आज किरण न सिर्फ देश की सफल महिला बॉडी बिल्डर हैं बल्कि कई फिल्मी सितारों को बॉडी बिल्डिंग के टिप्स भी दे रही हैं।
आगरा की रहने वाली किरण शादी के बाद हैदराबाद शिफ्ट हुई। इस दौरान किरण 2 बच्चों के साथ अपनी होममेकर की लाइफ आराम से जी रहीं थीं कि तभी उन्हें ब्रेन में ब्लड क्लॉट होने का पता चला। एक नौजवान मां और गृहिणी के रूप में देंबला ने खुद को छोटी से दुनिया में घिरा पाया। हालांकि इलाज के बाद वो ठीक हो गई।
इलाज के बाद वह ठीक तो हो गई लेकिन उस दौरान उनका वजन 75 कि.लो. हो गया था। वजन बढ़ने के कारण उन्हें मेंटल स्ट्रेस होने लगा और तभी उन्होंने वजन कम करने की ठानी। 2007 में किरण ने जिम और योगा क्लासेज के लिए जाना शुरू किया। करीब 6-7 महीने में उन्होंने 25 कि.लो. तक वेट लॉस किया।