26 Apr 2024, 23:04:44 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

जंग जीतने के लिए नई प्रतिभाओं को सेना में किया जाए भर्ती: जिनपिंग

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 30 2021 5:02PM | Updated Date: Nov 30 2021 5:02PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बीजिंग। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सेना को तेजी से आधुनिक बनाने पर जोर देना शुरू कर दिया है। उन्होंने सशस्त्र बलों के तेजी से आधुनिकीकरण का समर्थन करने और भविष्य के युद्ध जीतने के लिए नई प्रतिभाओं की भर्ती की जरूरत पर बल दिया है। चीनी राष्ट्रपति का ये बयान ऐसे समय पर आया है, जब इस बात की रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि चीनी सेना ने फ्रंटलाइन पदों के लिए तीन लाख कर्मियों को भर्ती करने के लिए संसाधन दिए हैं। चीनी सेना का नेतृत्व करने वाले जिनपिंग ने कहा, ये प्रतिभाएं चीनी सशस्त्र बलों के उच्च-गुणवत्ता वाले विकास को आगे बढ़ाने, सैन्य प्रतियोगिता में जीत हासिल करने और भविष्य के युद्धों में बढ़त दिलाने की कुंजी हैं। 209 बिलियन डॉलर के साथ चीन का रक्षा बजट काफी भारी-भरकम है। हाल के दशकों में चीन ने अपनी सेना को तेजी से आधुनिक बनाने पर जोर दिया है। इसने संगठनात्मक सुधार किए और हाइपरसोनिक हथियारों सहित नई हथियार प्रणालियों को सेना में जोड़ा है। अमेरिका सेना के अनुसार, चीन ने हाल ही में एक लंबी दूरी की मिसाइल लॉन्च की, जिसने पूरी दुनिया का चक्कर लगाया। इसने खुद से हाइपरसोनिक ग्लाइड वाहन को अलग किया और ये वाहन चीन में वापस लौट आया। इस टेस्ट के दौरान ये हाइपरसोनिक मिसाइल अपने टारगेट को तबाह करने के बेहद करीब आ गई थी।
 
सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, शी जिनपिंग ने कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 2027 में आने वाले शताब्दी वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने को लेकर ठोस समर्थन देने के लिए नई प्रतिभाओं की जरूरत है। चीनी राष्ट्रपति ने कहा, ‘लड़ने और जीतने की क्षमताओं को मजबूत करना सैन्य प्रतिभा की नई पीढ़ी का प्रारंभिक बिंदु और अंतिम लक्ष्य होना चाहिए।’ उन्होंने सैन्य कर्मियों की वैज्ञानिक साक्षरता और आधुनिक युद्ध जीतने की उनकी क्षमता को बढ़ाने के लिए तकनीकी जानकारी में सुधार के लिए प्रयासों को बढ़ाने की गुजारिश की।
 
इस बीच, हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने सोमवार को बताया कि चीनी सेना ने युवा पेशेवरों को पीएलए में शामिल करने के लिए प्रोत्साहन देना शुरू कर दिया है। अग्रिम पंक्ति की भूमिकाओं के लिए 3 लाख सैनिकों के लिए संसाधन आवंटित किए हैं। 2012 में सत्ता संभालने के बाद से, जिनपिंग ने सेना में बड़े पैमाने पर सुधार किए हैं, जिसमें पीएलए द्वारा इसके आकार को 23 लाख से घटाकर 20 लाख सैनिकों तक करना शामिल रहा है। 3 लाख कर्मियों को गैर-लड़ाकू यूनिट से हटा दिया गया था।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »