बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा वन मंडल क्षेत्र के अंतर्गत एक वयस्क तेंदुए की वृक्ष पर चढ़ने के बाद मृत्यु हो जाने की घटना की आज जांच आरंभ कर दी गई है। बड़वानी के वन मंडलाधिकारी डॉ अनुपम सहाय ने बताया कि कल शाम धवली वन क्षेत्र के धावड़ा के समीप एक 30 फीट ऊंचे वृक्ष पर तेंदुए के मृत पाया गया था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने तेंदुए को वृक्ष पर चढ़ते देखा और उसके बाद कोई हलचल नहीं होने पर स्थानीय सरपंच को सूचित किया था। सरपंच द्वारा वन विभाग को घटना की सूचना दिए जाने पर तेंदुए के शव को कल उतारकर बर्फ पर सुरक्षित रखवा दिया गया था। आज सेंधवा स्थित पशु चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया और उनकी उपस्थिति में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि आमतौर पर तेंदुआ शिकार करने के बाद वृक्ष पर आराम करने चले जाता है, इसलिए पूर्व में ऐसा लगा कि उसने किसी प्राणी के साथ जहर का तो सेवन नहीं कर लिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 4 वर्षीय नर तेंदुए के पेट में भोजन अथवा पानी नहीं पाया गया। इससे प्रारंभिक आकलन यह लग रहा है कि तेज गर्मी और भूख प्यास के चलते उसकी मृत्यु हुई है तथा यह प्राकृतिक मृत्यु प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि तेंदुए के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उसके सभी अंग भी सुरक्षित पाए गए हैं।
उन्होंने बताया मृत्यु का सही कारण जानने के लिए तेंदुए का विसरा संरक्षित कर इंदौर के समीप राउ स्थित रीजनल ज्यूडिशियल साइंटिफिक लैब में भेजा जा रहा है जहां यह पता चल सकेगा कि इसे जहर तो नहीं दिया गया था। इसके अलावा हिस्टोपैथोलॉजी हेतु विसरे का एक हिस्सा जबलपुर स्थित नानाजी देशमुख स्कूल ऑफ वाईल्डलाईफ फोरेंसिक एन्ड हेल्थ में भी भेजा जा रहा है। घटना से खंडवा वृत्त के मुख्य वन संरक्षक को अवगत करा दिया गया है।