26 Apr 2024, 19:48:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

शौचालय बनने से जल जनित बीमारियों पर लगा अंकुश : योगी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 28 2020 7:34PM | Updated Date: Feb 28 2020 7:34PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य में बड़ी संख्या में शौचालयों का निर्माण होने से जल जनित व विषाणु जनित बीमारियों पर प्रभावी अंकुश लगा है। योगी ने शुक्रवार को यहां लोकभवन में प्रदेश के मुख्य विकास अधिकारियों तथा जिला पंचायत राज अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शौचालय बनने से जल जनित व विषाणु जनित बीमारियों पर प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन का शुभारम्भ किया था, जिसका परिणाम है कि स्वच्छता के मानक में आज भारत ने विश्व में एक नयी ऊँचाई प्राप्त की है। राज्य में दो करोड़ 61 लाख शौचालय बनाये गये हैं। शौचालय एक तरफ नारी गरिमा से जुड़े हैं, तो दूसरी तरफ स्वास्थ्य से। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में सॉलिड वेस्ट के उपयोग के लिए खाद का गड्ढा बनाया जाए, जिसमें सॉलिड वेस्ट इकट्ठा कर उसे कम्पोस्ट बनाया जाए।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के साथ ही स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है। इसके मद्देनजर माटी कला बोर्ड का गठन करके हर जिले में कुम्हारी कला को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कुम्हारों को सोलर चाक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि उनकी उत्पादकता में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सप्ताह में एक दिन सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी के पास विकास सम्बन्धी कार्य करने की असीम सम्भावनाएं होती हैं जिससे वह जिले का सर्वांगीण विकास कर सकता है। अब कार्य के आधार पर अधिकारियों के प्रमोशन, डिमोशन व अनिवार्य सेवानिवृत्ति की जाएगी। आगामी 15 से 30 मार्च तक प्रत्येक जिले में शौचालय निर्माण के सम्बन्ध में उनके द्वारा गठित एक टीम सर्वे करेगी, जिसकी रिपोर्ट वे स्वयं देखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मई के प्रथम सप्ताह से जनगणना का कार्य शुरू होना है। अधिकारी/कर्मचारी जनगणना के आंकड़ों को डोर-टू-डोर दर्ज करें, जिससे सही आंकड़े संकलित किये जा सकें। राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा शौचालय निर्माण में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिसकी झलक जनगणना के आंकड़ों में दिखनी चाहिए।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »