नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु गुट निरपेक्ष आंदोलन के राष्ट्राध्यक्षों के 18वें शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने बुधवार को यहां बताया कि सम्मेलन का आयोजन 25-26 अक्टूबर को अजरबेजान की राजधानी बाकू में किया जा रहा है। शिखर सम्मेलन से पहले वरिष्ठ अधिकारियों तथा मंत्रिस्तरीय बैठकें होंगी। उपराष्ट्रपति के नेतृत्व में बाकू की यात्रा पर जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन और उपराष्ट्रपति के सचिव आई.वी. सुब्बा राव शामिल हैं।
18वें गुट निरपेक्ष सम्मेलन की विषयवस्तु ‘‘समकालीन विश्व की चुनौतियों का समुचित और समेकित जवाब देना सुनिश्चित करने के लिए बांडुंग सिद्धांतों का पालन’’ है। सम्मेलन में आतंकवाद, शांति और सुरक्षा को खतरा, संयुक्त राष्ट्र सुधार, जलवायु परिवर्तन, सतत् विकास, आर्थिक तंत्र तथा दक्षिण-दक्षिण सहयोग जैसे समकालीन विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस सम्मेलन में उपराष्ट्रपति की भागीदारी से गुट निरपेक्ष आंदोलन और उसके सदस्य देशों के साथ भारत के सहयोग को मजबूती मिलेगी।