आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में यूपीएमआरसी ने जामा मस्जिद भूमिगत स्टेशन का नामांतरण कर मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन कर दिया है। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद स्टेशन पर होर्डिंग भी लगा दिया गया है। आगरा में मेट्रो स्टेशनों की घोषणा के साथ इस स्टेशन का नाम जामा मस्जिद रखा गया था।
इसके बाद से ही जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की आवाज उठने लगी थी। एक तरफ मनकामेश्वर नाथ महादेव मंदिर स्थित होने की वजह से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन नाम रखने की मांग की जा रही थी। वहीं, दूसरी तरफ डॉक्टर भीमराव अंबेडकर मेट्रो स्टेशन नाम रखने की भी चर्चा हुई थी।
लंबी बातचीत और इंतजार के बाद जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदल दिया गया। वहां पर मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन के बोर्ड चस्पा कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते साल जुलाई में मेट्रो के निरीक्षण के दौरान नाम बदलने का जिक्र किया था।
बताते चलें कि जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के नाम बदलने को लेकर पहले कई जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने मांग की थी। बीते साल जुलाई में जब मुख्यमंत्री आगरा मेट्रो का निरिक्षण करने आए थे, तो कई लोगों ने जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के नाम को मनकामेश्वर मंदिर स्टेशन रखने की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इस पर विचार करने की बात कही थी। अब उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के बाद मेट्रो स्टेशन के नाम को बदल दिया गया है।
बता दें कि आगरावासियों को जल्द मेट्रो की सौगात मिलने वाली है। इसी साल फरवरी के अंत तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगरा मेट्रो का उद्घाटन किया जा सकता है, जिसके बाद आगरा के लोगों के अलावा पर्यटक मेट्रो में सफर कर सकेंगे। आगरा में मेट्रो के स्टेशन बनकर तैयार हो रहे हैं।
मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी ने कहा कि इस सरकार में कई जगहों का नाम बदला गया है। सबसे महत्वपूर्ण स्थान मनकामेश्वर मंदिर है, जिसके शिवलिंग की स्थापना द्वापर काल में हुई थी। जामा मस्जिद तो अकबर-शाहजहां के समय में बनी थी। मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन नाम रखा गया है यह बहुत ही सराहनीय और सम्मानीय है। मनकामेश्वर मंदिर के एक किलोमीटर परिसर में थोक के सारे बाजार मौजूद हैं। आस-पास के तीन प्रदेश के व्यापारी यहां से सामान लेकर जाते हैं।
स्टेशन का नाम बदलने की इस कड़ी में ब्रॉड गेज ईदगाह स्टेशन का नाम बदलने की आवाज भी उठ रही है। छावनी विधानसभा इलाके के भाजपा विधायक डॉक्टर जीएस धर्मेश ने ईदगाह रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रावली महादेव रेलवे स्टेशन रखने की आवाज उठाई है। जीएस धर्मेश ने यह भी कहा है कि रेलवे स्टेशन का नाम ईदगाह की वजह से गुलामी की याद दिलाती है। ऐसे में जरूरी है कि रावली महादेव रेलवे स्टेशन का नाम कर दिया जाए।