27 Apr 2024, 06:08:11 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

कांग्रेस ने 50 साल के शासन में जातिवाद एवं धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाने के अलावा कुछ नहीं किया : पूनियां

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 13 2021 12:06AM | Updated Date: Apr 13 2021 12:08AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सुजानगढ़। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सवा दो साल में अराजकता की पराकाष्ठा पार करके राजस्थान जैसे शांतिप्रिय प्रदेश की अस्मिता और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस ने 50 साल के शासन में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जातिवाद एवं धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाने के अलावा कुछ नहीं किया।

डॉ पूनिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी खेमाराम मेघवाल के समर्थन में यहां आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार वादाखिलाफी के लिए जानी जाती है, सवा दो साल में ना तो इन्होंने संपूर्ण किसान कर्जमाफी की, ना बेरोजगारों को भत्ता दे रहे हैं, ना युवाओं को नौकरियां दे रहे हैं और ना माताओं-बहनों को सुरक्षा दे पा रहे हैं, इनके शासन में पुलिस का भी मनोबल गिरा है।

वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गहलोत ने किसानों से वादा किया था कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो 10 दिन के अंदर प्रदेश के सभी किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ करेंगे, लेकिन आज तक कर्जा माफ नहीं किया गया है, प्रदेश के 59 लाख किसान कर्ज माफी का इंतजार कर रहे हैं, कर्ज माफी नहीं होने से प्रदेश में दर्जनों किसान आत्महत्या कर चुके हैं।

डॉ. पूनियां ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है, अपराधियों और माफियाओं के हौसले बुलंद हैं, बहुसंख्यक हिंदू आबादी प्रदेश में सुरक्षित नहीं है, जिसमें आप देख सकते हैं कि छबड़ा में हाल ही में हुआ दंगा राज्य सरकार की बड़ी विफलता है, भीलवाड़ा सहित कई जिलों में कई पुलिसकर्मियों को अपनी जान गवानी पड़ी, सवा दो सालों में 6.14 लाख से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के तौर पर प्रदेश की माताओं बहनों, पंडित पुजारियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर मौजूदा केन्द्र की मोदी सरकार किसानों के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे किसानों को बड़ा संबंल मिल रहा है, किसान क्रेडिट कार्ड पीएम सम्मान किसान निधि, फसल बीमा योजना, सोइल हेल्थ कार्ड, नीम कोटेड यूरिया आदि कल्याणकारी योजनाओं से मोदी सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बना रही है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं से राजस्थान के किसानों को भी बड़ी मजबूती मिल रही है, फसल बीमा योजना के लिए राजस्थान के किसानों को 65 हजार करोड रुपए और पीएम सम्मान किसान निधि में 1.15 लाख करोड रुपए दिए हैं’ उन्होंने कहा कि जनधन, उज्जवला, स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन, पीएम आवास योजना से मोदी सरकार देश के हर वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है’

डॉ. पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुनियादी विकास के साथ देश के वैचारिक मुद्दों का भी समाधान कर भारत का दुनियाभर में स्वाभिमान बढ़ा रहे हैं और मुस्लिम महिलाओं को ट्रिपल तलाक से आजादी, यह ऐतिहासिक फैसले हैं’ डॉ. पूनियां ने कहा कि मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 खत्म कर कश्मीर में आतंकवादियों की छाती पर तिरंगा फहराने का ऐतिहासिक कार्य किया है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सुजानगढ़ की सभी 36 कौम भाजपा प्रत्याशी खेमाराम मेघवाल के साथ है, मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी के आशीर्वाद से भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी और मोदी सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सुजानगढ़ की जनता को मिलेगा, यहां मौजूद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी अपने-अपने मंत्रालय के माध्यम से सुजानगढ़ के विकास में बड़ी भूमिका निभाएंगे।’

उन्होंने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और मुझे जैसे सामान्य परिवार में जन्मे सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने बहुत बड़ा मान सम्मान दिया है, कांग्रेस अब गांधी, नेहरू और इंदिरा की नहीं, यह वाड्रा की कांग्रेस है और कांग्रेस में तो यह रहता है कि अगला अध्यक्ष कौन होगा, मां बेटा और अब तीसरा नाम रोबर्ट वाड्रा का चल रहा है, वाड्रा ने बीकानेर सहित आसपास के इलाकों में किसानों की जमीने भी हड़प रखी हैं।’ 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »