नई दिल्ली। राज्यसभा ने सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार सफलता के लिए भारतीय कुश्ती टीम को सोमवार को एक स्वर पर बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनायें दी। सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि एशियाई कुश्ती चैंपियशिप 2020 में भारतीय कुश्ती टीम ने पांच स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य पदक जीते जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह चैंपियनशिप दिल्ली में 18 से 23 फरवरी तक आयोजित की गयी थी।
नायडू ने कहा कि भारतीय कुश्ती टीम ने पुरुष एवं महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जो एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में अब तक का सर्वोत्तम है। पहलवानों का लगातार बेहतर प्रदर्शन और उनकी उपलब्धियां देश के लिए गौरव का विषय है। इससे नये पहलवान प्रेरित होंगे और अपने प्रदर्शन में सुधार करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सदन उनके बेहतर भविष्य की कामना करता है। सदन ने मेज थपथपाकर इसका स्वागत किया।