नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बने उतार चढ़ाव के बीच फरवरी 2020 में भारतीय निर्यात 2.91 प्रतिशत की बढोत्तरी के साथ 27.65 अरब डालर दर्ज किया गया है जबकि फरवरी 2019 में यह आंकड़ा 26. 87 अरब डालर रहा था। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां जारी आंकड़ों में बताया कि चालू वित्त वर्ष में कुल निर्यात 1.50 प्रतिशत घटकर 292.91 अरब डालर रह गया है।
इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि तक कुल निर्यात 297.36 अरब डालर रहा था। फरवरी 2020 में कुल आयात 2.48 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 37.50 अरब डालर दर्ज किया गया है जबकि फरवरी 2019 में कुल आयात 36.59 अरब डालर था। वित्त वर्ष 2019-20 में अभी तक कुल आयात 7.30 प्रतिशत घटकर 436.03 अरब डालर रहा है। वित्त वर्ष 2018-19 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 470.36 अरब डालर था।