27 Jul 2024, 10:48:27 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news

Kangana Ranaut के लिए प्रचार करने मंडी पहुंचे पीएम मोदी, बोले- 'कांग्रेस शरिया का समर्थन करती है'

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 24 2024 3:18PM | Updated Date: May 24 2024 3:18PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मंडी। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों के नेताओं के द्वारा चुनाव प्रचार जोर-शोर से किया जा रहा है। इस बीच पीएम मोदी भी हर दिन चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इस बीच आज शुक्रवार को पीएम मोदी मंडी पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि 'काशी के सांसद की तरफ से छोटी काशी में दूर-दूर से आए आप सभी परिवार जनों को प्रणाम। मैं बहुत लंबे समय तक यहां पर रहा हूं। उस समय दूसरे नेताओं की रैलियों के लिए आयोजन करते थे। आज जिस प्रकार से आपने माहौल बना दिया है, जो जनसैलाब उमड़ा है। मुझे मालूम है मंडी लोकसभा की रैली अपने आप में पहाड़ चढ़ने जैसा है। मंडी लोकसभा क्षेत्र व्यास और सतलुज को आपस में जोड़ता है। कई इलाके यहां पर दुर्गम हैं। फिर भी इतनी बड़ी सभा में आप लोग दूर-दूर से आए हैं। चप्पे-चप्पे से एक ही गूंज सुनाई दे रही है, फिर एक बार मोदी सरकार।'

पीएम मोदी ने कहा कि 'पालमपुर यहां से ज्यादा दूर नहीं है। मैं आज याद दिलाना चाहता हूं कि पालमपुर बीजेपी की वर्किंग कमेटी थी। यहीं पर जो निर्णय हुआ, उससे एक इतिहास रचा गया था। इसी अधिवेशन में भाजपा ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। इस देव भूमि में संकल्प हुआ था। यानी हिमाचल राम मंदिर के निर्माण की संकल्प भूमि है। हिमाचल में लिया गया वो एतिहासिक संकल्प सिद्ध हो चुका है। 500 साल का ये इंतजार, अविरत संघर्ष चला, कितनी पीढ़ियों ने इंतजार करते-करते अपना जीवन पूरा कर दिया, लाखों लोगों ने शहादत मोली है। अब 500 सालों का इंतजार खत्म हो चुका है। इस इंतजार को खत्म किसने किया। ये इंतजार खत्म किया है आपके एक वोट ने। ये आपके वोट की ताकत है, जिसने 500 साल का इंतजार खत्म किया। आज अयोध्या में रामलला विराजमान हुए, हिमाचल खुश हुआ है, देवी-देवता आशीर्वाद बरसा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस खुश नहीं है।'

पीएम मोदी ने कहा कि 'अगर आपके एक वोट ने मोदी की ताकत नहीं बढ़ाई होती, तो कांग्रेस कभी राम मंदिर नहीं बनने देती। ये आपके एक वोट की ताकत है। आपके एक वोट ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 की दीवार को गिरा दिया। आपके एक वोट ने हिंदू, सिख और बौद्ध शरणार्थियों को नागरिकता देने वाला सीएए कानून बनाया। आपके एक वोट ने हमारे पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन दिलवाई। आपके एक वोट ने भारत को दुनिया की पांचवी बड़ी आर्थिक ताकत बनाया। ये आपके ही वोट की ताकत है, जिसने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के आरक्षण का प्रावधान किया। 2024 के चुनाव में 5 चरणों के चुनाव हो चुके हैं। इन पांच चरणों में बीजेपी-एनडीए को बहुमत से ज्यादा सीटें मिल चुकी हैं। अब इसमें हिमाचल की चार सीटें जुड़ जाएंगी तो सोने पर सुहागा हो जाएगा। मैं देख रहा हूं हिमाचल फिर एक बार... मोदी सरकार। उसके लिए 4-0 से हैट्रिक बनाने जा रहा है। देश लगातार तीसरी बार कांग्रेस को रिजेक्ट करने जा रहा है।'

पीएम मोदी ने कहा कि 'आपने दशकों तक कांग्रेस का शासन देखा है। कांग्रेस को ऐसा भारत पसंद है, जहां गरीबी हो, संकट हो, नागरिक समस्याओं से घिरे हों, इसलिए वो देश में पुराने हालात वापस लाना चाहती है। वो देश के विकास में रिवर्स गियर लगाना चाहती है। इसलिए कांग्रेस कह रही है कि अगर हम सत्ता में आएंगे तो 370 वापस लाएंगे, सीएए खत्म करेंगे। वो कह रहे हैं कि हमारे जो परमाण हथियार हैं वो भी हम खत्म कर देंगे। मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है। भारत का नागरिक भले ही वो हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो, इसाइ हो, बौद्धा हो, उसके लिए एक सामान नागरिकता होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध करती है। कांग्रेस शरिया का समर्थन करती है। कांग्रेस घोर सांप्रदायिक है, जातिवादी, परिवारवादी है। इस देश को वो नहीं बना सकते जो सिर्फ बाप-दादा की विरासत पर ही जीते हैं। इस देश को वो बनाएंगे जो मिट्टी से उठकर पहाड़ जितनी उचाइयां छूते हैं। इसलिए भारत का भविष्य स्टार्टअप शुरू करने वाले नौजवान हैं। आज भारत का भविष्य लड़ाकू उड़ा रही हमारी बेटियां भी हैं। इसलिए कंगना सिर्फ प्रत्याशी नहीं हैं, ये बेटियों को रिप्रजेंट करती हैं।'

पीएम मोदी ने कहा कि 'कांग्रेस उसी दकियानूसी सोच में डूबी हुई है। अपने दम पर सफलता हासिल करने वाली बेटियों को कांग्रेस क्या बोलती है। कांग्रेस ने कंगना के लिए जो कहा वो मंडी का अपमान है, वो हिमाचल का अपमान है। जिस हिमाचल में देवियों की पूजा होती है, वहां के बेटियों के अपमान के लिए कांग्रेस ने माफी तक नहीं मांगी है। इस चुनाव में हर पोलिंग बूथ में चुन-चुनकर इनको साफ कर दीजिए। ये कांग्रेस अभी भी 21वीं सदी में नहीं आ पाई है। लोग आगे बढ़ते हैं, कांग्रेस उल्टा चलती है। कांग्रेस का शाही परिवार घोर बेटी विरोधी है, पूरी कांग्रेस घोर महिला विरोधी है। लेकिन हिमाचल के परिवारजनों मेरी बात लिख लीजिए। आप अपनी बेटियों को खूब पढ़ाइये, उनको नई बुलंदियां देने की गारंटी मोदी की गारंटी है। मैंने सैन्य स्कूलों और डिफेंस अकेडमी के दरवाजे बेटियों के लिए खोल दिये हैं। 10 साल में केंद्रीय बलों में महिलाओं की संख्या दो गुने से अधिक हो गई है। बेटियों के लिए आने वाले 5 साल बुलंद उड़ान के होने वाले हैं। ये आप लिख लेना, ये मोदी की गारंटी है।'

पीएम मोदी ने कहा कि 'कांग्रेस को सिर्फ धोखा देना और ताला लगाना आता है। लाखों नौकरियां देने की घोषणा की थी और कहां सर्विस कमीशन पर ताला लगा दिया। नौजवानों के भविष्य पर ताला लगा दिया। जयराम जी ने सरकार के समय मेंं सैकड़ों संस्थान खोले थे, उनपर भी ताला लगा दिया। मंडी ने हवाई अड्डा बनना चाहिए कि नहीं, उसपर भी ताला लगा दिया। यहां बहनें 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं। सवाल 1500 रुपये का नहीं है। आपने धोखा दिया है। हिमाचल का हर नागरिक हर्ट फील कर रहा है। देश धोखेबाजों को कभी माफ नहीं करता है। मैं जानता हूं हिमाचल को। यहां के जीवन में कर्मचारी ही बड़ी जिंदगी है। उस कर्मचारी के साथ कितना बड़ा धोखा किया, वो महंगाई भत्ते का इंतजार कर रहा है। आपदा के बाद केंद्र ने सैकड़ों करोड़ रुपये भेजे और उसकी भी बंदरबांट कर ली। ये सरकार का जाना तय है। मैंने आपदा के समय जो पैसे भेजे हैं, किस-किस ने उसमें से चोरी की है मैं सारा खोज के निकालुंगा और लोगों के हाथ में धरूंगा।'

पीएम मोदी ने कहा कि 'डेढ़ साल में ही हिमाचल इस धोखेबाजी से तंग आ गया है। मुझे याद है जब हम पहले चंडीगढ़ से आते थे तो मंडी पहुंचते पहुंचते कमर टूट जाती थी, लेकिन अब सफर सुहाना हो गया है। अब लाहौल से भी फल तेजी से मंडियों तक पहुंच रहा है और पर्यटन भी फल-फूल रहा है। कांग्रेस दलाई लामा का नाम लेने से भी डरती थी, वो हमारी समृद्ध विरासत के प्रणेता हैं। मोदी सरकार ने जोर-शोर से इसका प्रचार किया है। इसका लाभ हिमाचल के पर्यटन को होगा। हिमाचल का गौरव बढ़ाने के लिए आपका एक-एक वोट जरूरी है। हिमाचल बर्बादी के रास्ते पर लेकर जा रही है, इसलिए इसे रोकना जरूरी है। इससे बाहर निकालने के लिए मुझे आपका साथ चाहिए। लोकसभा में मंडी सीट से कंगना जी को आपका वोट मिले, वो आपकी आवाज बनेंगी और यहां के विकास के लिए अपने आप को खपा देगी। यहां पर बीजेपी की जीत का नया रिकॉर्ड बनाना है।'

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »