18 Apr 2024, 22:48:49 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

आसमान छूती महंगाई के बीच सीरिया ने जारी किया 5000 पाउंड का नया नोट

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 25 2021 12:51AM | Updated Date: Jan 25 2021 12:52AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

दमिश्क। आसमान छूती महंगाई और बदहाल होती आर्थिक स्थिति के बीच सीरिया ने रविवार को पांच हजार सीरियाई पाउंड का नया नोट जारी किया। इसे सीरियाई लीरा भी कहा जाता है। यह अब सीरिया में चलन में सबसे बड़ा नोट हो गया है। सीरिया के केंद्रीय बैंक ने नए नोट के बारे में कहा कि बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए इसे जारी किया गया है। इस नए नोट में एक तरफ सीरिया के झंडे को सलामी देते सैनिक की तस्वीर है।

सीरिया करीब एक दशक से घरेलू संघर्ष से जूझ रहा है। साल 2011 में घरेलू संकट शुरू होने के बाद से ही सीरियाई मुद्रा लीरा लगातार कमजोर हो रही है। 10 साल पहले यानी 2011 में एक डॉलर 47 लीरा का था, जो अब लीरा के और कमजोर होने से 1250 में मिल रहा है। खुले बाजार में दर करीब 2,500 तक है।

मुद्रा के इस तरह से कमजोर होने के चलते सीरिया में खाद्य सामग्रियों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं। सीरिया के केंद्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार, औसत मुद्रास्फीति की दर 2019 की तुलना में 2020 में 200 प्रतिशत पर पहुंच गई। माल की मुद्रास्फीति 300 प्रतिशत तक पहुंच गई। प्रमुख खाद्य पदार्थों, जैसे दाल और वनस्पति तेल की कीमतों में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। महामारी से जुड़ी पाबंदियों ने सीरिया की आर्थिक कठिनाइयां और बढ़ा दी हैं। संयुक्त राष्ट्र के एक आकलन के अनुसार, करीब 80 प्रतिशत सीरियाई लोग गरीबी रेखा से नीचे गुजर-बसर कर रहे हैं।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »