भदोही। उत्तर प्रदेश के ज्ञानपुर से बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को मध्य प्रदेश पुलिस ने आगर मालवा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। भदोही पुलिस की सूचना पर एमपी पुलिस ने यह गिरफ्तारी की है। मामले में पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि विजय मिश्रा को यूपी लाने के लिए भदोही पुलिस की टीम रवाना हो गई है।
बता दें कि विधायक विजय मिश्र ने अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा है कि पूर्वाचल के कई माफिया और सियासी धुर विरोधी साजिश रच रहे हैं। पंचायती चुनाव में कब्जा करने के लिए भदोही पर सबकी निगाह है। उधर, भदोही पुलिस ने ट्विटर पर बयान जारी कर कहा, "विधायक विजय मिश्र द्वारा 13 अगस्त को एक वीडियो जो असत्य तथ्यों को आधार बनाकर अपने आपराधिक कृत्यों से ध्यान भटकाने तथा जनता में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से जारी किया गया। उनके विरुद्ध 73 अभियोग दर्ज हैं। सुरक्षा के लिए उन्हें गनर दिया गया है। वीडियो में लगाए गए आरोप असत्य और निराधार हैं।
दरअसल, विधायक विजय मिश्र, उनकी पत्नी और एमएलसी रामलली मिश्र और उनके कारोबारी पुत्र विष्णु मिश्र पर कृष्णमोहन तिवारी ने मुकदमा दर्ज कराया था। इन तीनों पर मारपीट करने और संपत्ति हड़पने का आरोप है। 8 अगस्त को पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और हाल ही में विधायक विजय मिश्र पर गुंडा एक्ट लगा था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद विधायक विजय मिश्र गायब हो गए थे। इस बीच विजय मिश्र ने एक वीडियो जारी कर कहा कि ब्राह्मण होने के नाते उन्हें परेशान किया जा रहा है और पुलिस कभी भी उनका एनकाउंटर कर सकती है। उन्होंने कहा कि मेरी पत्नी रामलली और बेटे विष्णु को फर्जी मामले में फंसाया जा रहा है।
विजय मिश्र ने आरोप लगाया कि ब्राह्मण होने के नाते उन्हें परेशान किया जा रहा है, क्योंकि वो ब्राह्मण होकर चार बार से विधायक हैं। उनके साथ ये सब इसलिए हो रहा है ताकि बनारस या चंदौली का कोई माफिया यहां आकर चुनाव लड़ सके। वो बलिया के किसी बेटे को चुनाव लड़ने की बात भी कर रहे हैं। इसीलिए उनकी हत्या कराई जा सकती है।