नई दिल्ली। मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के दूसरे उपराज्यपाल के रूप में शुक्रवार को शपथ ग्रहण कर ली है। उनसे पहले जीसी मुर्मू जम्मू-कश्मीर के पहले उपराज्यपाल बने थे, जिन्हें गुरुवार को नियंत्रक और महालेखा परीक्षक नियुक्त किया गया है। मालूम हो कि बुधवार को जीसी मुर्मू के इस्तीफे के बाद, मनोज सिन्हा के नाम का ऐलान किया गया था।
इसके बाद गुरुवार को मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर पहुंचे और शुक्रवार को उन्होंने उपराज्यपाल पद की शपथ ली। मनोज सिन्हा पहली मोदी कैबिनेट में रेल राज्य मंत्री रह चुके हैं। इतना ही नहीं उनके काम की प्रशंसा खुद पीएम मोदी और अमित शाह भी कर चुके हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में मनोज सिन्हा गाजीपुर से संसदीय सीट से चुनाव जीते थे, लेकिन 2019 के आम चुनावों में वे गाजीपुर से हार गए थे।