19 Apr 2024, 14:36:39 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

विकास के पथ पर है उत्तर प्रदेश : PM मोदी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 21 2021 12:19AM | Updated Date: Jan 21 2021 12:19AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की तारीफ करते हुये कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पर नियंत्रण पाने के साथ विकास योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के छह लाख 10 हजार लाभार्थियों के खाते में 2690.77 करोड़ रुपये की धनराशि के डिजिटली ट्रांसफर की और लखीमपुर खीरी, चित्रकूट, वाराणसी, अयोध्या और सहारनपुर के के लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने सभी लाभार्थियों को अपने बच्चों को शिक्षित करने के लिए कहा।

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक तरफ अपराधियों पर सख्ती तथा दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण किया गया है। एक तरफ अनेक एक्सप्रेस-वे पर तेजी से कार्य चल रहा है, तो दूसरी तरफ एम्स जैसे बड़े संस्थान निर्मित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में विकास की तेज रफ्तार राज्य में बड़ी-बड़ी कम्पनियों को आकर्षित कर रही है। साथ ही, छोटे-छोटे उद्योग भी आगे बढ़ रहे हैं। ‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना से स्थानीय कारीगरों को फिर से काम मिलने लगा है। गांवों में रहने वाले श्रमिकों, कारीगरों की यही आत्मनिर्भरता, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करेगी। इन योजनाओं के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले घर प्रदेश के गरीब परिवारों के लिए सम्बल का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से शामिल हुये। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को आवास मुहैया कराने के संकल्प के साथ शुरु की गयी थी। इसके तहत अब तक दो करोड़ घर बनाये गये हैं। 1.25 करोड़ घरों की चाबी भी लाभार्थियों को प्रदान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश सरकार की सक्रियता और उनकी टीम की मेहनत से प्रदेश में करीब 22 लाख ग्रामीण आवास बनाये जा रहे हैं। 14.5 लाख गरीब परिवारों को आवास मिल गया है।

मोदी ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के बावजूद उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने विकास के कामों को तेजी से आगे बढ़ाया है। कोरोना काल में अन्य राज्यों से प्रदेश में वापस आने वाले श्रमिकों व कामगारों की सुरक्षित वापसी के साथ ही गरीब कल्याण योजना के अन्तर्गत देश में सर्वाधिक 10 करोड़ मानव दिवस के रोजगार के अवसर सृजित किये गये। इससे वापस आने वाले श्रमिकों व कामगारों को गांव में ही रोजगार मिला। आम जनमानस के जीवन को आसान बनाने के लिए प्रदेश में जो काम हो रहा है, उसे पूरब से लेकर पश्चिम तक, अवध से लेकर बुन्देलखण्ड तक हर कोई अनुभव कर रहा है। आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, उज्ज्वला योजना, उजाला योजना आदि से लोगों का जीवन आसान बन रहा है।

प्रधानमंत्री ने 10वें सिख गुरु, गुरु गोविन्द सिंह के प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि उनके जीवन से सेवा और सत्य के पथ पर चलते हुए बड़ी से बड़ी लड़ाई लड़ने की प्रेरणा मिलती है। उनके दिखाये मार्ग पर देश आगे बढ़ रहा है। गरीब, पीड़ित, शोषित, वंचित के जीवन को बदलने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 20 नवम्बर, 2016 को जनपद आगरा से प्रधानमंत्री आवास योजना का शुभारम्भ किया गया था। इतने कम समय में इस योजना ने लोगों के जीवन में बदलाव किया है। इससे गरीब व्यक्ति में भी अपने घर का सपना साकार होने का विश्वास दृढ़ हुआ है।

मोदी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां तेजी से प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प देशवासियों के आत्मविश्वास से जुड़ा है। अपना घर होना किसी भी व्यक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ा देता है। उन्होंने कहा कि घर व्यक्ति को यह विश्वास देता है कि वह अपनी गरीबी दूर कर सकता है।

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आवासों के आवंटन में पारदर्शिता, महिलाओं का सम्मान करते हुए उनको मालिकाना हक दिलाना, बनने वाले आवासों की तकनीक के माध्यम से मॉनीटरिंग के साथ ही सरकार की यह भी कोशिश रही है कि यह घर सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त हो, जिससे गांव और शहर का अन्तर कम किया जा सके।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »