नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण की दिनोदिन बिगड़ती स्थिति के बीच शनिवार को देर रात तक 44,407 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 21.36 लाख से अधिक हो गयी तथा 792 और लोगों की मौत होने से मृतकों की तादाद 43,370 तक पहुंच गयी। स्वस्थ होने वालों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के बावजूद संक्रमण के नये मामले बढ़ने से देश में इस दौरान सक्रिय मामलों में 856 की बढ़ोतरी हुई जिससे इनकी संख्या 6,25,407 हो गयी है। राहत की बात यह है कि इस दौरान 35,333 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या भी 14,63,002 लाख पर पहुंच गयी।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण के 61,537 मामले आने से इनकी संख्या 20,88,612 हो गयी थी। शुक्रवार को 62,538 मामले सामने आये थे। मंत्रालय के अनुसार स्वस्थ होने वालों की दर 68.32 प्रतिशत पर पहुंच गयी है और मृत्यु दर 2.04 प्रतिशत है। विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात तक 46989 नये मामले सामने आये हैं तथा 706 लोगों की मृत्यु हो गयी है।
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में सर्वाधिक 12,822 नये मामले सामने आये, जबकि दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में इसके बाद 10,080 मामले, तमिलनाडु में 5883 नये मामले, उत्तर प्रदेश में 4,660 मामले और बिहार में 3,992 नये मामले सामने आये। मरीजों की संख्या में 1159 की बढ़ोतरी होने से सक्रिय मामले 1,47,048 हो गये तथा 275 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 17,367 हो गया। इस दौरान 11,081 लोग संक्रमण मुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,38,262 हो गयी। देश में सर्वाधिक सक्रिय मामले इसी राज्य में हैं। आंध्र प्रदेश में मरीजों की संख्या 832 बढ़ने से सक्रिय मामले 85,486 हो गये हैं। राज्य में अब तक 1,939 लोगों की मौत हुई है, वहीं 9,151 लोगों के स्वस्थ होने से कुल 1,29,615 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।