लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी से तिलमिलाये पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राज्य की योगी सरकार उनके खिलाफ कितनी भी दमनात्मक कार्यवाही कर ले लेकिन वे सेवा भाव से एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने कहा कि लल्लू की गिरफ्तारी के खिलाफ कार्यकर्ताओं में भयंकर रोष है। प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं ने इस बात को ठाना है कि चूंकि प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी सेवा कार्य को रोकने के लिए की गई है इसलिए प्रदेश के कार्यकर्ता सेवा कार्य नहीं रोकेंगे।
उन्होने बताया कि लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में जल सत्याग्रह, मशाल जुलूस और धरने हुए। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हवन करके प्रदेश भाजपा सरकार को सद्बुद्धि की कामना करते हुए लल्लू की रिहाई की मांग की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लखनऊ व दिल्ली में इस मुद्दे पर प्रेस कांफ्रेंस के जरिए इसका विरोध किया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जी ने प्रदेश अध्यक्ष के माता-पिता से बात की और इस दमन के खिलाफ आवाज उठाई। कई अन्य प्रदेशों के कांग्रेस नेताओं ने भी यूपी अध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं पर हो रहे दमन के खिलाफ आवाज बुलंद की।