नई दिल्ली। आम को फलों का राजा कहा जाता है और भारत में इसे राष्ट्रीय फल का दर्जा भी प्राप्त है। वैसे तो यहां दशहरी, लंगड़ा और चौसा समेत आम की कई किस्में उगायी जाती हैं और दुनिया में सबसे ज्यादा आम भारत में ही लोग खाते भी हैं, लेकिन आपको शायद ही ये पता हो कि दुनिया का सबसे महंगा भारत में नहीं मिलता और इसकी कीमत भी इतनी है कि इसे खरीदने में बड़े से बड़े अमीरों के भी पसीने छूट जाएं। तो चलिए जानते हैं आखिर दुनिया का सबसे महंगा आम कहां मिलता है और इसकी कीमत क्या है।
ताईयो नो तामागो (एग ऑफ द सन) आम की एक ऐसी किस्म है, जिसे जापान के मियाजाकी प्रांत में उगाया जाता है और पूरे जापान में बेचा जाता है। यहां हर साल सबसे पहले उगाए गए इस खास और महंगे आम की बोली लगाई जाती है, जिसमें इनके दाम आसमान छूने लगते हैं। साल 2017 में इस आम के एक जोड़े की बोली लगाई गई थी, जिसमें यह रिकॉर्ड 3600 डॉलर यानी करीब दो लाख 72 हजार रुपये में बिकी थी। प्रत्येक आम का वजन 350 ग्राम था। ऐसे में आप सोच सकते हैं कि महज 700 ग्राम आमों की कीमत जब ढाई लाख रुपये से ज्यादा है तो एक किलो खरीदने के लिए तो तीन लाख रुपये से ज्यादा ही खर्च करने पड़ेंगे।