बर्लिन। जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने रविवार को बर्लिन सम्मेलन में कहा उत्तरी अफ्रीकी देश लीबिया में हो रहे संघर्ष के समाधान के लिये संयुक्त राष्ट्र द्वारा किये जा रहे प्रयासों के समर्थन में जर्मनी ने बड़ी भूमिका निभायी है। एंजेला मर्केल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बर्लिन में हमारे बीच बहुत गहन विचार-विमर्श हुआ।
हम लीबिया में राजनीतिक प्रक्रिया को एक नई गति प्रदान करने में योगदान देने में सफल रहे। जिससे लीबिया के लोगों को शांति मिले। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि बर्लिन सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रायोजित शांति प्रक्रिया का सभी ने समर्थन किया है।’’रूस, अमेरिका, तुर्की, मिस्र, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र सहित कई देशों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने बर्लिन में लीबिया में संघर्ष के समाधान के लिए रविवार को बैठक की।