नई दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज कहा कि दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में अग्निकांड से पीड़ति लोगों की हर संभव मदद की जाएगी। पुरी दिल्ली भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव तथा राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर सुरक्षा व्यवस्था में कुछ कमी रही है जिससे यह हादसा हो गया।
उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकेगा। इसके बाद दोनों नेता लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल गये जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से पीड़ति सभी लोगों की पूरी मदद की जानी चाहिए। उन्होंने दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठायेगी। दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में तड़के एक कारखाने में आग लग गयी जिसमें कम से कम 43 लोगों की मौत हो गयी और 50 से ज्यादा घायल हो गये।