मदुरै। विदुथलई चिरुथईगल काच्चि के अध्यक्ष और सांसद थोल तिरुमावलावान ने शुक्रवार को कहा कि रजनीकांत और मक्कल निधि मय्यम के संस्थापक कमल हासन का साथ आना इन दोनों के लिए फायदेमंद होगा लेकिन लोगों को इससे कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि रजनीकांत और कमल हासन तमिलनाडु के लोगों की भलाई के लिए एक साथ काम करेंगे तो यह उनका निजी मामला है लेकिन इससे लोगों का कोई लेना देना नहीं है। यह बयान सिर्फ उन्होंने अपने फायदे के लिए दिया है और वह इसके लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे पर बोलते हुए तिरुमावलावान ने कहा कि राजपक्षे परिवार का सत्ता में लौटना दुनियाभर में तमिलों के लिए अच्छा संकेत नहीं है। हम 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे का शासन भूले नहीं है जहां तमिलों का नरसंहार किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि राजपक्षे परिवार को तमिलों के नरसंहार के लिए दंडित किया गया होता तो वह चुनाव नहीं लड़ते और सत्ता हासिल नहीं कर सकते थे। नरसंहार पर अंतरराष्ट्रीय निकायों की विफलता दुर्भाग्यपूर्ण थी।
भारत सरकार के श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को भारत आने का आमंत्रण देने का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि वीसीके इसके खिलाफ शनिवार को चेन्नई में विरोध प्रदर्शन करेगी। केंद्र सरकार के गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा हटाने के फैसले पर उन्होंने भाजपा की राजग सरकार से गांधी परिवार की सुरक्षा बहाल करने की मांग की। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर हिंदू संगठन द्वारा उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि वीसीके सनातन धर्म का विरोध करती है। धर्मनिरपेक्ष देश में लोकतांत्रिक मूल्य सर्वोपरि है।