भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि सामाजिक न्याय, गरीबों और पिछड़ों की भलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लक्ष्य रहे हैं। चौहान ने यहां लोक समता पार्टी के भाजपा में विलय के मौके पर अपने संबोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सभी लोगों का भाजपा में स्वागत करते हैं। चौहान ने कहा कि भाजपा की नीति गरीबों, किसानों और अन्य वंचितों के हित संवर्धन की रही है और इसी पर राज्य सरकार भी अमल कर रही है।
कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार कुशवाहा के नेतृत्व में लोक समता पार्टी का भारतीय जनता पार्टी में विलय हुआ। सदस्यता ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री भारत सिंह कुशवाहा भी उपस्थित थे। लोक समता पार्टी के अध्यक्ष डॉ. कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि हम अपने लक्ष्यों को लेकर पूरी मजबूती से चले, लेकिन उनकी प्राप्ति में बहुत समय लग रहा था। ऐसे में हमें भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री चौहान की नीतियों ने प्रभावित किया और उन्हीं से प्रभावित होकर पार्टी ने विलय का निर्णय लिया है।