27 Apr 2024, 03:12:49 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

इंदौर में ‘इलेक्शन’ मोड़ में होगा टीकाकरण : सिंह

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 20 2021 12:02AM | Updated Date: Mar 20 2021 12:03AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इंदौर। मध्यप्रदेश में एक बार फिर कोविड के हॉट स्पॉट के रूप में उभर रहे इंदौर जिले के कलेक्टर मनीष सिंह ने आज कोरोना नियंत्रण के लिए प्रभावी उपाय किये जाने के परिपेक्ष्य में कहा कि जिले के 45 वर्ष से अधिक के चिन्हित हितग्राहियों का टीकाकरण ‘इलेक्शन’ मोड़ में किया जाना सुनिश्चित किया जाये।

सिंह ने आज यहां जिले के अधिकारियों की कोरोना नियंत्रण की योजना के संबंध में एक बैठक ली। बैठक में सिंह ने कहा कि जिले में कोविड के टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति के लिये ‘इलेक्शन’ मोड में कार्य किया जायेगा। इसके लिये सभी संबंधित मैदानी अधिकारियों को वोटर लिस्ट दी गयी है। इस लिस्ट में 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का चिन्हांकन किया गया है। इस लिस्ट के आधार पर 45 वर्ष से 59 वर्ष आयु के गंभीर बीमारियों से ग्रसित नागरिकों का चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र के आधार पर टीकाकरण कराया जायेगा।

उन्होंने कहा साथ ही 60 वर्ष और इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जायेगा। शहरी क्षेत्र में इसके लिये नगर निगम के अधिकारियों को और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण विकास तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को जवाबदारी सौंपी गयी है। उक्त अधिकारी घर-घर जाकर चिन्हित लोगों से संपर्क कर उन्हें टीकाकरण के लिये प्रेरित करेंगे। साथ ही आवश्यकता के अनुसार उन्हें टीकाकरण केन्द्रों पर ले जाकर टीकाकरण भी करवायेंगे। अधिकारियों को शहर में वार्डवार तथा ग्रामीण क्षेत्र में पंचायतवार जवाबदारी तथा लक्ष्य सौंपे गए हैं।

बैठक में बताया गया कि जिले में टीकाकरण के लिये शासकीय तथा निजी क्षेत्र में 206 टीकाकरण केन्द्र बनाये गये है। इनमें से 108 टीकाकरण केन्द्र शहर में तथा 98 केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र में है। जिले में प्रतिदिन 51 हजार 500 व्यक्तियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। यह विशेष अभियान 10 दिन तक चलेगा। सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इस अभियान को पूर्ण गंभीरता के साथ समय-सीमा में चलाये। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करें। निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा कर लें। कोई भी पात्र व्यक्ति टीकाकरण से वंचित नहीं रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे टीकाकरण अवश्य करवायें। टीका लगवाकर खुद के साथ ही वे दूसरों को भी सुरक्षित कर सकते हैं।

बैठक में कलेक्टर सिंह ने बताया कि कोरोना को नियंत्रित करने के लिये मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना सबसे कारगर माध्यम है। शहर में मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराने के लिये रोको-टोको अभियान को और अधिक प्रभावी बनाकर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिये 20 मार्च से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत नगर निगम सभी एआरओ अपने सहयोगियों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करायेंगे। 

लगातार उद्घोषणा के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करेंगे। मास्क नहीं लगाने अथवा मुंह के निचे मास्क लटकाने वालों के विरूद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर ने कहा ऐसे व्यवसायिक प्रतिष्ठान जिनमें बगैर मास्क लगाये व्यक्ति पाये जाते है, तो उस संस्थान को सील करने की कार्रवाई की जायेगी। इसके लिये अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह तथा वीरभद्र शर्मा को अधिकृत किया गया है। सील करने की कार्रवाई मौके पर फोटो/वीडियो लेकर प्रूफ के साथ की जायेगी। सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »