27 Apr 2024, 02:36:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

भारतीय महिला हॉकी टीम पदक से चूकी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 6 2021 11:47AM | Updated Date: Aug 6 2021 11:47AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

टोक्यो। भारतीय महिला हॉकी टीम यहां शुक्रवार को रियो ओलंपिक 2016 के स्वर्ण पदक विजेता ग्रेट ब्रिटेन से हार कर टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने से चूक गई। इस कांटे के मुकाबले में भारत को ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ग्रेट ब्रिटेन की महिला हॉकी टीम ने ओवरआॅल अपना चौथा ओलंपिक और तीसरा कांस्य पदक जीता। मैच की बात करें तो दोनों टीमों ने पोडियम पर समाप्त करने के लिए अपनी जी जान लगा दी। पहला क्वार्टर में दोनों और से गोल के प्रयास किए गए, लेकिन डिफेंस अच्छा रहने के कारण कोई भी टीम खाता नहीं खोल पाई और शून्य के स्कोर के साथ पहला क्वार्टर समाप्त हुआ। फिर दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही ग्रेट ब्रिटेन की तरफ से एक गोल किया गया।
 
फॉरवर्ड रेयर ऐलेना सियान ने 16वें मिनट में फील्ड गोल करके ब्रिटेन को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर का दूसरा गोल भी ग्रेट ब्रिटेन की तरफ से आया। मिडफील्डर रॉबर्टसन सारा ने 24वें मिनट में यह गोल किया। 2-0 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने वापसी की और 25वें, 26वें और 29वें मिनट में लगातार तीन गोल दागे। डिफेंडर गुरजीत कौर ने 25वें और 26वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, जबकि 29वें मिनट में फॉरवर्ड वंदना कटारिया ने फील्ड गोल किया। इन तीन शानदार गोलों के साथ भारत ने दूसरे क्वार्टर की समाप्ति 3-2 की मजबूत स्थिति में रहते हुए की।
 
इसके बाद तीसरे क्वार्टर में 35वें मिनट में कप्तान पीयरने-वेब होली ने शानदार गोल कर ग्रेट ब्रिटेन को 3-3 से बराबरी पर ला कर खड़ा कर दिया। फिर 47वें मिनट तक मैच बराबरी पर रहा, लेकिन डिफेंडर बाल्सडन ग्रेस ने 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करके ग्रेट ब्रिटेन को 4-3 से बढ़त दिला दी। इसके बाद बचे मैच के आखिरी 12 मिनटों में भारतीय खिलाडियों ने एक गोल की तलाश में काफी मशक्कत की, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं हुईं और ग्रेट ब्रिटेन ने मैच को 4-3 से जीत लिया। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »