26 Apr 2024, 11:03:24 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

हॉकी इंडिया मिडफील्डर नीलकांत कप्तान मनप्रीत के साथ खेलना सौभाग्य की बात है

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 25 2021 7:48PM | Updated Date: May 25 2021 7:48PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बेंगलुरु। भारतीय हॉकी टीम के लिए 57 मैच खेल चुके मिडफील्डर नीलकांत शर्मा ने कहा है कि वह बेहद खुशकिस्मत हैं कि उन्हें अपने कप्तान मनप्रीत सिंह के साथ खेलने का मौका मिला। एफआईएच मेन्स सीरीज फाइनल भुवनेश्वर ओडिशा 2019 स्वर्ण पदक विजेता टीम के हिस्सा रहे नीलकांत ने यह भी कहा कि वह 2021 में अपने खेल को अगले स्तर पर ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ अभी तक भारतीय टीम के साथ सफर शानदार रहा है। हमने काफी ऊंचाइयों को छुआ है और मुझे लगता है कि हम आगामी वर्षों में इससे भी बेहतर कर सकते हैं। मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मुझे मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह जैसे खिलाड़ी के साथ खेलने का मौका मिला। मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है। उनसे सीखने को और भी बहुत कुछ है। ’’ 26 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम के सुधार के बारे में कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि हम अपने शॉर्ट पास करने के क्रियान्वयन और लंबे समय तक गेंद को अपने कब्जे में रखने में सुधार कर सकते हैं। 
 
अगर हम गेंद को अधिक समय तक अपने पास रखते हैं तो हम स्कोर करने के अधिक मौके बना सकते हैं, हालांकि टीम में हर कोई अच्छा खेल रहा है। हमें बस यहां और वहां कुछ बदलाव करने हैं। ’’ मिडफील्डर नीलकांत ने यह भी उल्लेख किया कि ओलंपिक के लिए टीम की तैयारी जोरों पर चल रही हैं और टीम टोक्यो में अपने लक्ष्य को हासिल करने को लेकर बहुत आश्वस्त है। उन्होंने कहा, ‘‘ ओलंपिक ज्यादा दूर नहीं है। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए हमारी तैयारी जोरों पर चल रही हैं। हर कोई अपने-अपने खेल को लेकर आश्वस्त है और अगर हम अपनी पूरी क्षमता से खेलते हैं तो हम निश्चित रूप से टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच सकते हैं। सारी बात सही समय पर लय पकड़ने के ऊपर है और ओलंपिक शुरू होने के बाद हम इसी पर सबसे ज्यादा ध्यान देंगे।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »