19 Apr 2024, 11:52:15 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

सिंघु और टिकरी सीमा यातायात के लिए अब भी बंद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 1 2020 1:37PM | Updated Date: Dec 1 2020 1:37PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कृषि संबंधित तीन नये कानूनों के विरोध में किसानों के प्रदर्शन के मद्देजर दिल्ली को हरियाणा से जोड़ने वाली सिंघु तथा टिकरी सीमा फिलहाल बंद रहेंगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने मंगलवार सुबह इस संबंध में परामर्श जारी कर वाहन चालकों से असुविधा से बचने के लिए इन सीमाओं तक आने वाले मार्गों की बजाय दूसरे मार्ग अपनाने की सलाह दी है। 

यातायात पुलिस ने दिल्ली और हरियाणा के उन सभी प्रवेश मार्गों के बारे में भी जानकारी दी है जो यातायात के लिए खुले रहेंगे। इनमें बडुसराय तथा झटिकरा पर केवल दोपहिया वाहनों के परिचालन की इजाजत दी गयी है। पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार झरौदा, धंसा, दौराला, कापसहेड़ा, रजोकरी राजमार्ग संख्या- 8, बिजवासन/बजघेड़ा, पालम विहार तथा डूंडाहेड़ा सीमा पर वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। 

यातायात पुलिस ने ट्वीट कर कहा, 'सिंघु सीमा अब भी यातायात के लिए दोनों तरफ से बंद है। कृपया वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। यातायात को मुकरबा चौक और जीटी करनाल  रोड की ओर परिवर्तित किया गया है। ट्रैफिक बहुत अधिक है। कृपया सिग्नेचर ब्रिज से रोहिणी और रोहिणी से सिग्नेचर ब्रिज तक बाहरी रिंग रोड, जीटी करनाल रोड, एनएच 44 और सिंघु सीमा तक पर जाने से बचें।' 

यातायात पुलिस ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'टिकरी सीमा किसी भी तरह के यातायात के लिए बंद है। हरियाणा जाने तथा हरियाणा से आने के लिए झरौडा, धंसा, दौरला, झटिकेरा, बडु सराय, कापसहेड़ा, रजोकरी एनएच-8, बिजवासन/बाजगेरा, पालम विहार तथा डुंडगेका की सीमाएं खुली हुई हैं। उल्लेखनीय है कि कृषि से संबंधित नये कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के कारण सिंघु तथा टिकरी सीमा पर यातायात प्रभावित हुआ है। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »