नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका में कोरोना का Omicron वैरिएंट तेजी से पांव पसार रहा है और इसके बाद भारत के साउथ अफ्रीकी दौरे पर खतरा बताया जा रहा है। हालांकि साउथ अफ्रीकी सरकार ने टीम इंडिया को सुरक्षित रखने की पूरी गारंटी दी है। साउथ अफ्रीका के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम के लिए पूर्ण जैव सुरक्षित माहौल (बायो-बबल) तैयार किया जाएगा। मंत्रालय ने साथ ही कोविड-19 का नया वेरिएंट मिलने के बावजूद इंडिया ‘ए’ टीम के दौरे से नहीं हटने के लिए बीसीसीआई की तारीफ भी की। इंडिया ए मंगलवार से ब्लोमफोंटेन में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरा अनौपचारिक टेस्ट खेलेगी। नया ओमीक्रोन वेरिएंट मिलने के कारण वैश्विक चिंताओं के बावजूद भारतीय बोर्ड ने साउथ अफ्रीका में सीरीज जारी रखने का फैसला किया है। भारतीय सीनियर टीम भी 17 दिसंबर से साउथ अफ्रीका में तीन टेस्ट खेलेगी जिसके बाद 3 वनडे और 4 T20 मुकाबले भी होंगे।
विराट कोहली और उनकी टीम 9 दिसंबर को साउथ अफ्रीका पहुंचेगी लेकिन देश में कोविड का ओमीक्रोन वेरिएंट मिलने के बाद दौरे को लेकर कुछ चिंताएं हैं। इस नए वेरिएंट के सामने आने के बाद कई देशों ने यात्रा पाबंदियां लगाई हैं। अंतरराष्ट्रीय संबंध और सहयोग विभाग (डर्को) जो देश का विदेश मंत्रालय है, ने कहा, ‘भारतीय टीम के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए साउथ अफ्रीका सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाएगा। साउथ अफ्रीका और इंडिया ‘ए’ टीम के अलावा दोनों राष्ट्रीय टीम के लिए पूर्ण रूप से जैव सुरक्षित माहौल तैयार किया जाएगा।’ मंत्रालय ने कहा, ‘इंडिया ‘ए’ टीम के दौरे को जारी रखकर एकजुटता दिखाने का भारत का फैसला कई देशों के विपरीत है जिन्होंने अपनी सीमाओं को बंद करने और साउथ अफ्रीका से यात्रा को सीमित करने का फैसला किया है।
मंत्रालय ने कहा कि साउथ अफ्रीका सरकार दौरा जारी रखने के लिए बीसीसीआई की सराहना करती है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट सेंचुरियन में 26 दिसंबर से होगा। तीसरा मैच केपटाउन में 3 जनवरी से खेला जाएगा। मंत्रालय ने कहा, ‘भारतीय राष्ट्रीय टीम का दौरा साउथ अफ्रीका की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की 30वीं वर्षगांठ भी होगा।’ साउथ अफ्रीका सरकार की रंगभेद नीतियों के कारण 1970 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा साउथ अफ्रीका टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से प्रतिबंधित करने के बाद भारत 1991 में देश की अंतरराष्ट्रीय टीम की मेजबानी करने वाला पहला देश बना था। मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘वर्षगांठ का जश्न सम्मान समारोह के साथ मनाया जाएगा जो दो जनवरी 2022 को केपटाउन में होगा। यह समारोह साउथ अफ्रीका और भारत के मजबूत संबंधों को भी पेश करेगा जिसे दो भारतीय टीम के दौरों से एक बार फिर दर्शाया गया है।’