मुंबई। चीन के साथ विवाद के बाद भारत ने चीन के कई एप्स को भारत में बैन कर दिया है। बैन किए गए इन एप्स में लोगों के बीच सबसे पॉपुलर हुआ टिकटॉक भी शामिल है। लेकिन अब टिकटॉक भारत में दोबारा वापसी कर सकता है। TikTok की भारतीय यूनिट को मुकेश अंबानी खरीदने पर विचार कर रहे हैं। एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला रिलायंस समूह टिकटॉक में निवेश की संभावनओं पर विचार कर रहा है।
मामले की जानकारी रखने वाले 6 करीबी सूत्रों के मुताबिक रिलायंस अभी टिकटॉक में निवेश से लाभ और हानि का आकलन कर रही है। हालांकि रिलायंस ने ऐसी खबरों को अफवाह करार दिया है। बता दें कि रिलायंस की ओर से निवेश किए जाने पर विचार करने की यह खबर ऐसे वक्त में आई है, जब अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट टिकटॉक के ग्लोबल ऑपरेशंस को खरीदने पर विचार कर रही है। इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 15 सितंबर तक का वक्त दिया गया है।
अमेरिका में भी टिकटॉक पर बैन लगा दिया गया है। पिछले सप्ताह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प टिकटॉक पर बैन के लिए मंजूरी के प्रस्ताव पर दस्तखत कर चुके हैं। टिकटॉक के अमेरिकी कारोबार की वैल्यू 30 बिलयन डॉलर के करीब है। माना जा रहा है कि टिकटॉक के भारतीय बाजार को रिलायंस के हाथों बेचने में बाइटडांस को सफलता मिल सकती है। रिलायंस के लिए भी यह फायदे का सौदा हो सकता है। इसकी वजह यह है कि भारत में टिकटॉक ऐप काफी पॉपुलर था। इस पर बैन लग जाने से भारतीय यूजर को इसका कोई दूसरा बढ़िया विकल्प नहीं मिल सका है। इसलिए अगर टिकटॉक फिर से शुरू होता है, तो उसे काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा।