मुंबई। प्रतिष्ठित फोर्ब्स मैग्जीन ने विप्रो के फाउंडर-चेयरमैन अजीम प्रेमजी (74) को एशिया का सबसे उदार समाजसेवी घोषित किया है। प्रेमजी ने इस साल 760 करोड़ डॉलर (52,750 करोड़ रुपए) की वैल्यू के विप्रो के शेयर दान किए। वे अब तक 2,100 करोड़ डॉलर (1.45 लाख करोड़) की वैल्यू के शेयर समाज सेवा के कामों के लिए दे चुके हैं। फोर्ब्स ने बुधवार को एशिया-पैसिफिक के 30 सबसे बड़े परोपकारियों की लिस्ट जारी की।
अजीम प्रेमजी 5 दशक के लंबे करियर के बाद विप्रो कंपनी के एग्जिक्युटिव चेयरमैन पद से जुलाई में रिटायर हुए थे। तब उन्होंने कहा था कि अब वह लोगों के परोपकार पर ही अपना सारा ध्यान केंद्रित करेंगे। फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2019 के मुताबिक, दान की वजह से प्रेमजी के पास अब 7.2 अरब डॉलर की संपत्ति रह गई है, जबकि 2018 में उनके पास 21 अरब डॉलर की संपत्ति थी।
वह अमीरों की सूची में दूसरे नंबर से फिसलकर 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इंडोनेशिया के थीओडोर राचमेट दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 2018 से अब तक करीब 5 मिलियन डॉलर दान किया है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर मलयेशिया के जेफरी चीआ हैं। वह भी अपनी संपत्ति दान कर वंचितों को शिक्षा दिलाने में जुटे हैं। इस सूची में अजीम प्रेमजी के अलावा हेक्सावेयर टेक्नॉलजीज फाउंडर और चेयरमैन अतुल निशार भी शामिल हैं।