27 Apr 2024, 06:21:17 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

एकता कपूर का दर्द, बोली- हमें कोई प्रोड्यूसर मानता ही नहीं था, लोग समझते...

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 11 2021 6:46PM | Updated Date: Aug 11 2021 7:57PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। करीना कपूर ख़ान ने 10 अगस्त को एलान किया था कि वो फ़िल्म निर्माण में उतर रही हैं। करीना एकता कपूर के साथ मिलकर फ़िल्म का निर्माण कर रही हैं, जिसमें वो मुख्य भूमिका भी निभाएंगी। इस थ्रिलर फ़िल्म का निर्देशन हंसल मेहता कर रहे हैं। करीना के साथ फ़िल्म निर्माण को लेकर एकता कपूर ने एक लम्बा नोट लिखकर अपनी भावनाएं ज़ाहिर की हैं, जिसका बेबो ने बड़े दिलचस्प अंदाज़ में जवाब दिया। एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने कहा था- 'अपनी अगली फ़िल्म के लिए करीना कपूर ख़ान को निर्माता के तौर पर जोड़ना बहुत ख़ुशी और गर्व की बात है। एकता ने आगे लिखा- मैं हमेशा से यह मानती रही हूं कि बिज़नेस और फ़िल्म की सफलता में महिलाओं की बराबर की भागीदारी होती है। महिलाओं की अगुवाई में बड़ी फ़िल्में बनती हैं तो उन्हें पुरुष साथियों की तरह मुनाफ़े में हिस्सा मिलना चाहिए। 28 साल पहले, जब मैंने अपनी मां (शोभा कपूर) के साथ प्रोडक्शन हाउस (बालाजी टेलीफ़िल्म्स) शुरू किया था, सब यही सोचते थे कि मेरे डैड निर्माता हैं और हम उनके लिए काम करते हैं।
 
एकता आगे लिखती हैं- 'हम लोगों को समझाने की कोशिश करते थे कि वो हमारे लिए एक सपोर्ट सिस्टम हैं। असल में हम निर्माता हैं। उस वक़्त निर्माता का मतलब पुरुष ही होते थे। दशकों बाद आख़िरकार लोगों की समझ में आया कि निर्माता का मतलब सिर्फ़ पुरुष नहीं होता। यह मुश्किल सफ़र रहा, लेकिन प्रेरक और खुशनुमा। मैं ख़ुश हूं कि आज हम एक-दूसरे को इस तरह सशक्त बना सकते हैं। करीना कपूर ख़ान को निर्माता बनने पर बहुत बधाई। अपने शानदार करियर में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए। उम्मीद है कि हमारी जमात में उनके जैसी और भी शामिल होंगी।
 
करीना ने इसके जवाब में लिखा- ऐसा और कोई नहीं है, जिसके साथ में पार्टनरशिप करूंगी। उम्मीद है, यह फ़िल्म हमारे माता-पिता की सबसे बड़ी हिट (फ़र्ज़) को उनके आशीर्वाद से पीछे छोड़ देगी। करीना ने यहां जिस फ़र्ज़ का ज़िक्र किया है, वो 1967 में रिलीज़ हुई थी। रविकांत नागाइच के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में जीतेंद्र और बबीता ने मुख्य किरदार निभाये थे। यह स्पाई थ्रिलर फ़िल्म थी, जो 1966 में आयी तेलुगु फ़िल्म गुडाचारी का रीमेक थी। फ़िल्म में जीतेंद्र ने सीक्रेट एजेंट 116 का किरदार निभाया था। बॉक्स ऑफ़िस पर यह फ़िल्म बड़ी कामयाबी साबित हुई थी। फ़िल्म का संगीत भी काफ़ी लोकप्रिय हुआ था।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »