इस्लामाबाद। पाकिस्तान में भारत के राजदूत अजय बिसारिया ने भारत के 72 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कुछ सकारात्मक गतिविधियों के संकेत दिये। बिसारिया ने कहा कि भारत और पाकिस्तान 'नये भविष्य' के लिए 'नयी दिशा' में आगे बढ़ रहे हैं, जो 71 वर्षों की गतिविधियों से अलग हैं। उन्होंने विवोन टीव्ही चैनल से बातचीत करते हुए कहा, भारत के लिए यह एक महत्वपूर्ण क्षण है। हम आगे बढ़ रहे हैं और भारत वसुधैव कुटुम्बकम के अंतर्निहित दर्शन के साथ दुनिया के बाकी देशों से रिश्ते स्थापित कर रहा है।
नया पाकिस्तान जो नये भारत के साथ ही बनाया जा रहा है, आगे बढ़ेगा और गत 71 वर्षों से भिन्न होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के भावी प्रधानमंत्री इमरान खान ने नया पाकिस्तान का नारा दिया है और पीएम नरेंद्र मोदी 'न्यू इंडिया' का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। इस पृष्ठभूमि पर दोनों देशों को इस उम्मीद के साथ आगे बढ़ना चाहिए कि हम समृद्ध, शांतिपूर्ण और हिंसा से मुक्त दक्षिण एशिया विकसित कर रहे हैं और हम एक नयी दिशा की ओर बढ़ रहे हैं।