मैक्सिको सिटी। मैक्सिको ने बोलीविया में जारी तनाव और अस्थिरता के बीच इस्तीफा देने पर मजबूर हुए पूर्व राष्ट्रपति इवो मोराल्स को राजनीतिक शरण देने की पेशकश की है। मैक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो एब्रार्ड ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैक्सिको शरण देने और हस्तक्षेप नहीं करने की अपनी परंपरा का पालन करते हुए बोलीविया के अधिकारियों को शरण दी है। हम मोरालेस को भी शरण देने की पेशकश करते हैं।’’ गौरतलब है कि बोलीविया में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच देश के राष्ट्रपति इवो मोरालेस और उपराष्ट्रपति अलवारो गार्सिया लिनेरा ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। मोरालेस और लिनेरा ने सेना के कमांडर विलियम कालिमा के आग्रह पर हिंसा के बीच इस्तीफा देने की घोषणा की। मोरालेस के चुनाव में दूसरी बार विजयी रहने के बाद 20 अक्टूबर से वहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। बोलीविया की विपक्षी पार्टी ने चुनावी नतीजों में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे मानने से इंकार कर दिया था।