सीहोर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अब नहीं आने वाली है, यहां कांग्रेस की सरकार है और यह आगे भी रहेगी। सिंह ने जिले के आष्टा तहसील के ग्राम पंचायत बागेर में एक स्कूल भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि अभी भी कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगता है कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और यह आगे भी चलती रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान पत्रकारों से चर्चा में केन्द्र सरकार पर भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) तथा राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनसीआर) को लेकर लोगों का आक्रोश कम होने वाला नहीं है।