नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को यहां 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा रकाबगंज में जाकर माथा टेका। केजरीवाल ने गुरु परब पर लोगों को बधाई दी है। उन्होंने एक संदेश में कहा, ‘‘ गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व पर सभी को बहुत-बहुत बधाई। ’’ केजरीवाल ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली सरकार ने निर्णय लिया है कि पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में दर्शन के लिए जाने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए सभी इंतजाम मुफ्त किये जायेंगे।
केजरीवाल के अलावा योग गुरु बाबा राम देव, शिरोमणि अकाली दल के विधायक मन्जिन्दर सिंह सिरसा और दिल्ली के अन्य विधायकों ने इस मौके पर गुरुद्वारा रकाबगंज जाकर माथा टेका। इसी बीच, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के विधायक जगदीप सिंह और अवतार सिंह कालका ने गुरुद्वारा बंगला साहिब जाकर सिखों के प्रथम गुरु नानक देव के 550 वीं जयंती पर अरदास की। उन्होंने गुरुद्वारा में कार सेवा भी की। इससे पहले दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री ने तीरथ यात्रा योजना के तहत करतारपुर यात्रा की घोषणा की। इस बारे में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिया गया है।