नई दिल्ली। भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने चोट से उबरने के बाद शानदार वापसी करते हुए इस साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नीरज ने दक्षिण अफ्रीका के पोचेफ्स्ट्रूम में एथलेटिक्स सेंट्रल नॉर्थ ईस्ट मीट में 87.86 मीटर की थ्रो के साथ क्वालीफाइंग मार्क हासिल किया। नीरज की आखिरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 2018 जकार्ता एशियाई खेल थी, जहां उन्होंने 88.06 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। 22 साल के नीरज 2019 में कोहनी की चोट के कारण पूरे सत्र से बाहर रहे थे। कोहनी की चोट से उबरने के बाद नीरज का यह पहला इवेंट था। इस चोट के कारण नीरज को सर्जरी भी करानी पड़ी थी। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 85 मीटर का ओलंपिक क्वालिफिकेशन मार्क हासिल किया और इस इवेंट में टॉप पर रहे। नीरज ने पहले प्रयास में 81.76 मीटर, दूसरे प्रयास में 82 मीटर और तीसरे प्रयास में 82.57 मीटर का थ्रो किया।