नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के दीपक कुमार ने कतर के लुसैल में आयोजित 14वीं एशियाई निशानेबाजी प्रतियोगिता के पहले दिन मंगलवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के साथ भारत को टोक्यो ओलम्पिक के लिए 10वां कोटा दिला दिया। दीपक ने इसके साथ ही आज खुद को अपने 32वें जन्मदिन का शानदार तोहफा भी दे दिया। युवा निशानेबाज मनु भाकर ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि विवान कपूर और मनीषा कीर की जूनियर ट्रैप मिक्स्ड टीम ने भी स्वर्ण जीता।
एशियाई खेलों के रजत विजेता दीपक इससे पहले दो अवसरों पर कोटा हासिल करने से चूक गए थे लेकिन इस बार उन्होंने पदक और कोटा दोनों जीत लिए। दीपक 227.8 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चीन के दो निशानेबाजों ने स्वर्ण और रजत जीते। मनु ने 244.3 के स्कोर के साथ स्वर्ण जीता जबकि इस स्पर्धा में यशस्विनी छठे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में अनुराज सिंह को 20वां स्थान मिला। भारतीय तिकड़ी ने टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। विवान कपूर और मनीषा कीर की जूनियर ट्रैप मिक्स्ड टीम ने भी स्वर्ण ने चीनी जोड़ी को 34-29 से हराकर स्वर्ण जीता। महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में एलवेनिल वलारिवान, अंजुम मुद्गिल और अपूर्वी चंदेला की भारतीय तिकड़ी ने रजत पदक जीता।