23 Apr 2024, 23:53:22 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

भाजपा के चाणक्य अमित शाह शेयर बाजार के भी माहिर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 30 2019 7:50PM | Updated Date: May 30 2019 7:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले पार्टी अध्यक्ष अमित चंद्र शाह शेयर बाजार के भी माहिर खिलाड़ी हैं। लोकसभा चुनाव में गुजरात की गांधी नगर सीट से विजयी हुए शाह ने नामांकन पत्र के समय अपनी परिसंपत्ति के संबंध में जो हलफनामा  दाखिल किया था उसमें उनके पास कई कंपनियों के बड़ी रकम के शेयर हैं। शाह के हलफनामे के मुताबिक उनके पास दो करोड़ सात लाख 48 हजार 822 रुपए के शेयर मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के हैं। इसके अलावा 1.46 करोड़ रुपए के एल एंड टी फाइनेंस और एक करोड़ छह लाख नौ हजार 889 रुपए  के शेयर देश की सूचना प्रौद्योगिकी की अग्रणी कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज के हैं।

उनके पास 97 लाख 10 हजार 412 रुपए के शेयर सीमेंट कंपनी  अल्ट्रा टैक के तथा 83 लाख 90 हजार 250 रुपए के त्वरित उपभोक्ता उत्पाद वर्ग की अग्रणी कंपनी हिन्दुस्तान लीवर के हैं। कई असूचीबद्ध कंपनियों में छोटी-छोटी रकम का निवेश करने वाले शाह के पास 65 लाख 52 हजार 700 रुपए के शेयर यात्री कार वर्ग की अग्रणी कंपनी मारुति सुजूकी इंडिया लिमिटेड के हैं। शाह का प्राक्टर ऐंड गैम्बल, एमआरएफ, कोलगेट पामोलिव और आईटीसी में भी बड़ी रकम का निवेश है। शाह 2017 से गुजरात से राज्यसभा सांसद रहे हैं। राज्यसभा के हलफनामे के अनुसार 22 जुलाई 2017 को सूचीबद्ध इक्विटी कंपनियों में उनका निवेश 13.17 करोड़ रुपए का था। वर्ष 2017 से 2019 के बीच उनके सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों की कीमत में 4.39 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ।

मार्च 2017 से मार्च 2019 के दो वर्षों के दौरान शाह के निवेश किए हुए 193 कंपनियों के शेयरों में से 102 की आय नकारात्मक रही और उन्हें 1.28 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। वर्ष 2017 से मार्च 2019 के बीच शाह ने 33 कंपनियों के शेयरों में निवेश किया। इनमें से एक लाख शेयर एल ऐंड टी फाइनेंस होल्डिंग्स के खरीदे जिनकी कीमत 1.46 करोड रुपए थी। इसके अलावा उनका एल ऐंड टी में 18.82 लाख रुपए का निवेश है। रामको सीमेंट,इंफोसिस, बजाज इलेक्ट्रिकल और आदित्य बिरला में भी उन्होंने निवेश किया है। शाह ने नामांकन पत्र में अपनी कुल परिसंपत्ति 30.49 करोड रुपए दर्शायी है। कुल परिसंपत्ति में से शाह का सूचीबद्ध कंपनियों में निवेश 17.56 करोड़ रुपए हैं। यह मूल्यांकन इस वर्ष 22 मार्च तक का है। शेष परिसंपत्ति में ज्यादादर हिस्सा अचल संपत्ति का है। वर्ष 2013 में शाह के पास 10.05 करोड़ रुपए के शेयर थे।

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »