बगदाद। इराक की राजधानी बगदाद में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में शुक्रवार को चार लोगों की मौत हो गयी। सूत्रों ने कहा, ‘‘पुलिस और प्रदर्शनकारियों की बीच हुई झड़प के दौरान आज अल केहलानी स्क्वायर में चार लोग मारे गये।’’ सूत्रों के अनुसार अभी तक हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रदर्शनकारियों की मृत्यु पुलिस द्वारा दागे गये आंसू गैस के गोलों से हुई या गोली लगने से।
उल्लेखनीय है कि इराक में अक्टूबर के शुरुआत से ही सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी मौजूदा सरकार को बर्खास्त करने के साथ-साथ आर्थिक सुधार, लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा भ्रष्टाचार को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई की है, जिसके कारण देशभर में 300 से अधिक लोगों की मौत और लगभग 15,000 घायल हुए हैं।