नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वायुसेना के 'पांच सितारा' रैंक प्राप्त मार्शल अर्जन सिंह के सम्मान में बुधवार को उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘इस वर्ष वायुसेना के मार्शल अर्जन सिंह की जन्म शताब्दी है। देश के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा का सम्मान करते हुए उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया गया है। मैं कामना करता हूं कि उनका साहस हमारे देश के लोगों को आने वाले वर्षों में हमेशा प्रेरित करता रहे।’’ उन्होंने भारतीय वायुसेना की नवाचार और स्वदेशीकरण के जरिये आत्मनिर्भरता पर आधारित प्रदर्शनी का यहां अवलोकन भी किया। मोदी वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया के निवास पर 87वें भारतीय वायु सेना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने यहां आये थे जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मोदी करीब एक घंटे तक यहां मौजूद रहे और उन्होंने इस दौरान वरिष्ठ रक्षा अधिकारी और विभिन्न देशों के गणमान्य अधिकारियों से भी भेंट की। इस मौके पर उनके साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एमएन नरवाने भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मार्शल अर्जन सिंह वायुसेना के सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान की है तथा वह वर्ष 1964 से लेकर 1969 वायुसेना के प्रमुख भी रहे। वर्ष 1965 में भारत और पाकिस्तान के दौरान उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। वह 1966 में वायुसेना के पहले ऐसे अधिकारी बने जिन्हें एयर चीफ मार्शल बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2002 में वह वायुसेना में पांच सितारा रैंक प्राप्त वाले पहले और एकमात्र मार्शल बने।