जम्मू। पाकिस्तान की सीमा पर नापाक करतूत जारी है। पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को भी सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तान की ओर से पुंछ जिले के मनकोट और कृष्णा घाटी सेक्टर जबकि राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में छोटे हथियारों और मोर्टार से गोलीबारी की गई। पाकिस्तान ने सुबह आठ बजे से गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना पाकिस्तानी फौज का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। बता दें कि इस महीने में पाकिस्तान कई बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुका है।
पाकिस्तान की ओर से कल भी जम्मू कश्मीर में पुंछ के दिगवार सेक्टर में मोर्टार दागे गए थे। इसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। हालांकि पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सोमवार को राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी फौज की गोलीबारी में एक भारतीय घायल हो गया था। भारतीय सेना ने कहा है कि पाकिस्तान इस साल अब तक 1,248 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है।