भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में सुरक्षा में तैनात एक दर्जन से अधिक पुलिस कर्मचारियों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित करने के आदेश दिए गए। भोपाल पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) धर्मेंद्र चौधरी ने यूनीवार्ता को बताया कि निलंबित कर्मचारियों में एक थाना प्रभारी भी शामिल है, जो अलीराजपुर जिले से विशेष डयूटी के लिए यहां आया था। नगर निरीक्षक के अलावा 13 पुलिस कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं।
ये सभी पुलिस कर्मचारी भोपाल के साथ ही राज्य के विभिन्न स्थानों से यहां पहुंचे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार विधानसभा परिसर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी अपने कर्तव्य के दौरान लापरवाह दिखे। सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान कोई कर्मचारी मोबाइल फोन में व्यस्त दिखा तो कोई अखबार पढ़ने में मशगूल था। कुछ कर्मचारी इधर उधर बैठे हुए दिखायी दिए। इन सभी को डांट भी लगाई गई।