हिसार। भारतीय महिला हॉकी टीम को नवंबर 2017 एशिया कप में गोल्ड मैडल जितवाने तथा 2016 ओलंपिक खेल में भारतीय महिला हॉकी टीम को ओलंपिक क्वालीफाई करवाने का इतिहास रचने वाली भारतीय महिला टीम की गोलकीपर सविता पूनिया को डीएसपी की नौकरी तथा एक करोड़ रुपए इनाम के रूप में देने की मांग हॉकी टीम के प्रारंभिक मैनेजर योगराज शर्मा ने की है।
शर्मा ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर आग्रह किया कि सविता पूनिया के वरिष्ठ हॉकी कोच आजादंसिंह मलिक, सिरसा के प्रारंभिक हॉकी कोच सुंदर सिंह खरब तथा उन्हें व खिलाड़ियों की खेल सुविधाओं के लिए प्रयासरत को भी दस-दस लाख रुपए की राशि देकर सम्मानित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पिछले सालों में हरियाणा सरकार की ओर से हॉकी कोच व अन्य को भी नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने पुन: 23-02-2018 को पीएस, स्पोटर्स अशोक खेमका को प्रेषित किया है।
हॉकी खेल व खिलाड़ियों की खेल सुविधाओं के लिए सेवा प्रयासरत समाजसेवी योगराज शर्मा ने कहा कि कल मुंबई में टाइम्स आॅफ इंडिया स्पोटर्स अवार्ड से भारतीय हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया को सम्मानित किया गया।
फोर्ब्स इंडिया ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले तीस साल से कम उम्र के युवाओं की सूची इंडिया अंडर जारी की है जिसमें सविता पूनिया का नाम शामिल है। श्री योगराज के अनुसार हरियाणा खेल विभाग ने सविता को अब तक भीम अवार्ड से भी वंचित रखा है।