नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को लगातार दोनों कीमती धातुओं ने लंबी छलांग लगाई। सोना 250 रुपए की तेजी के साथ 38670 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी हाजिर 370 रुपए की छलांग के साथ 45050 रुपए प्रति किलोग्राम को छू गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना शुक्रवार को सोना एक बार फिर 1524.90 डालर प्रति ट्राय औंस को छू गया जो छह वर्ष के अधिकतम भाव से मामूली कम था। अमेरिका में अक्टूबर वायदा 1523.80 डालर प्रति ट्राय औंस बोला गया। चांदी अक्टूबर का वायदा भाव 17.08 डालर प्रति ट्राय औंस था। स्थानीय स्तर पर भाव ऊंचे होने से हालांकि मांग कमजोर है।
कारोबारियों का कहना है कि खरीदार पुराने सोने की अदला-बदली पर अधिक जोर दे रहे हैं। भाव ऊंचा होने की वजह से जुलाई में सोने का आयात 42 प्रतिशत गिरकर 1.71 अरब डालर का रह गया। डालर के मुकाबले रुपए में हालांकि पिछले दो कारोबारी दिवसों में मामूली बढ़ोतरी थी। इसके बावजूद शुक्रवार को डालर रुपया विनिमय दर 71 रुपए सेऊंची रही। कच्चा तेल मजबूत होने का भी स्थानीय बाजार में कीमती धातुओं पर असर पड़ा है।
स्थानीय सर्राफा बाजार में हालांकि पीली धातु में मांग कम थी, लेकिन विदेशी भावों को देखते सोना स्टैंडर्ड 250 रुपए की छलांग लगाकर 38670 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बारह अगस्त के कारोबार में सोना 38470 रुपए बिका था। सोना बिटुर भी 250 की छलांग से 38500 रुपए प्रति 10 ग्राम बोला गया। चांदी हाजिर में मांग जारी रहने से 45050 रुपए पर 370 रुपए प्रति किलो का उछाल आया। कल भी चांदी में इतनी ही तेजी दर्ज की गई थी। चांदी वायदा 43824 रुपए पर 594 रुपए प्रति किलो ऊपर बोला गया। चांदी सिक्का लिवाली, बिकवाली 100-100 रुपए प्रति सैंकड़ा की छलांग लगाकर 91 हजार और 92 हजार रुपए प्रति सैंकड़ा हो गया। गिन्नी 28800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर टिकी रही।