कोल्हापुर। जाने माने उद्योगपति और मेनन समूह के संस्थापक राम मेनन का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। मेनन के परिवार में पत्नी राधामणि, दो पुत्र और एक पुत्री है। वह मूलत: केरल के रहने वाले थे। मेनन समूह के तहत मेनन और मेनन, मेनन पिस्टन और मेनन बियरिंग्स कंपनियों की स्थापना की गई। मेनन ने इन कंपनियों की स्थापना अपने भाई चंद्रन मेनन के साथ की थी।
मेनन समूह में कुल 2500 कर्मचारी कार्यरत हैं। समूह की कंपनियों को कार पिस्टन और बियरिंग्स में महारथ हासिल है जिनका निर्यात 24 देशों को किया जाता है। वह कोल्हापुर इंजीनियरिंग एसोसिएशन के प्रधान भी थे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पुत्र संजय गांधी ने मेनन को मारुति कार के लिए पिस्टन बनाने को विशेष रुप से कहा था।