मॉस्को। माली में सुरक्षा बलों ने एक सैन्य शिविर पर हुए हमले के बाद आतंकवादियों के साथ झड़पों में लगभग 20 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने बुधवार देर रात यह जानकारी दी। आतंकवादियों ने कल तड़के मोप्ती के मध्य क्षेत्र में स्थित शिविर पर घात लगाकर हमला किया। इसके बाद फ्रांसीसी नेतृत्व वाले बरखाने मिशन की सेना द्वारा सहायता प्राप्त माली के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच लगभग एक घंटे तक लड़ाई हुई।
सेना ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘माली की सेना और बरखाने मिशन के संयुक्त प्रयासों से लगभग 20 आतंकवादियों को मार गिराया गया और कई मोटरसाइकिलों तथा एक बख्तरबंद वाहन को नष्ट कर दिया गया।’’
संघर्ष में नौ सैनिकों की भी मौत हो गयी और छह अन्य घायल हो गये। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साहेल क्षेत्र में आतंकवादी खतरे को रोकने के लिए फ्रांस ने 2014 में बरखाने ऑपरेशन शुरू किया था। ऑपरेशन में फ्रांसीसी सेनाओं के अलावा जी 5-साहेल के सदस्य देशों माली, नाइजर, बुर्किना फासो, चाड और मॉरिटानिया के सैनिक शामिल हैं।