मॉस्को। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे से फोन पर बातचीत के बाद कहा कि दोनों देशों के बीच के संबंध विशेष हैं और आबे ने बहुत अच्छा काम किया है। ट्रंप ने ट्विटर पर कहा - मेरे दोस्त एवं जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। आबे को जल्द ही जापान के इतिहास में सबसे महान प्रधानमंत्री के रूप में मान्यता दी जाएगी।
उनके कार्यकाल में जापान और अमेरिका के रिश्ते बहुत अच्छे रहे। आबे विशेष व्यक्ति हैं। व्हाइट हाउस के उप प्रेस सचिव जुड डीरे ने ट्विटर पर कहा कि इस तथ्य के बावजूद कि आबे जल्द ही अपना पद छोड़ने वाले हैं, वह आगे भी जापान के भविष्य के लिए बड़ी भूमिका निभाना जारी रखेंगे।
डीरे ने रविवार को कहा - राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आज बातचीत की। दोनों नेताओं ने स्वीकार किया कि उनके बीच के संबंध असाधारण हैं। उन्होंने कहा - दोनों नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में भी वे अपनी अद्भुत मित्रता को बनाए रखेंगे। डीरे ने ट्वीट किया, राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने शानदार काम किया है जिसके कारण आज के समय में अमेरिका और जापान के संबंध पहले से बहुत अच्छे हैं।